धंसने लगी है पहुंच पथ, 5.8 करोड़ के पुल निर्माण योजना में अनियमितता बरतने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध
Gurabanda: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी के भुरसान में कड़िया नाला पर 5.8 करोड़ की लागत से निर्मित पुल का एप्रोच रोड टूटने लगा है। निर्माण कार्य पूरा होने के एक वर्ष के अंदर सड़क टूटने से ग्रामीण आक्रोशित हैं। गुरुवार को भुरसान के ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों की मांग के बाद ओड़िशा सीमा पर पुल का निर्माण तो हुआ लेकिन गुणवत्ता प्रभावित होने से पहुंच पथ पर चलना खतरनाक हो गया है। इसका निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना से किया गया है। पुल का एप्रोच रोड किनारे से धंसने लगा है। किनारे की पिच भुरभुरी हो गई है। जिसके कारण थोड़ा सा दबाव पड़ने पर सड़क टूटने लगती है। दक्षिण छोर पर बोल्डर भी सही तरीके से नहीं लगाया गया है। जिसके कारण भविष्य में एप्रोच रोड पूरी तरह से धंस जाने का खतरा मंडरा रहा है। पीलर भी उखड़ कर नीचे गिरने लगे हैं। ग्रामीण लखींद्र नायक, सुभाष नायक, सिमंत नायक, भिखारी नायक, कमल नायक, चंदन नायक, विश्वनाथ नायक, पंकज नायक, विशेश्वर नायक आदि ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए पूरी एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण की मांग की है।
इस संबंध में विशेष प्रमंडल जमशेदपुर के कनीय अभियंता गिरीधारी कुंकल ने बताया कि निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी। सहायक अभियंता के साथ एप्रोच रोड का निरीक्षण करेंगे। संवेदक को कार्यस्थल बुलाया जायेगा। संवेदक को तीन वर्ष तक मेंटेनेंस का कार्य करना है। समस्या का समाधान किया जायेगा।