दिघी भूला प्लस टू हाई स्कूल पहुंचे बीडीओ व थाना प्रभारी ने छऊ कलाकारों को दीं शुभकामनाएं

Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत दिघी भूला प्लस टू हाई स्कूल के छात्रों ने छऊ नृत्य में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए 5 दिसंबर को भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय बाल रंग महोत्सव में भाग लिया था। पूरे भारत में पहला स्थान प्राप्त करने व 1 लाख 11 हजार का पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र लेकर मंगलवार को लौटने पर विद्यालय में अभूतपूर्व स्वागत किया गया था। बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी किकू महतो और थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने भी विद्यालय पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराने वाले सभी 15 छात्रों भक्तरंजन महतो, विकास माहली, प्रशांत कोड़ा मुदी, विष्णु सहिस, समीर महतो, गौरांग सहिस, पूर्ण सहिस, जितेन कर्मकार, कर्ण महतो, विशाल गोराई, विकास महतो, सदानंद महतो, प्रशांत महतो आलोक सहिस और सुदीप कुमार महतो से मिलकर सभी का परिचय प्राप्त कर बधाई और शाबाशी दी।

अधिकारियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। बीडीओ ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारे प्रखंड के विद्यालय के छात्रों ने क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। अपने झारखंड राज्य की पारंपरिक विरासत का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मानभूम छऊ नृत्य में अपनी अभिव्यक्ति, ताल -लय, वेष-भूषा, नृत्यशैली की अद्भुत कला की बदौलत हमें गौरवान्वित किया है।उन्होंने छऊ नृत्य टीम को आईपीएल जैसे बड़े मंच के उद्घाटन समारोह में नृत्य करने के लिए मंच प्रदान करने का भरोसा दिलाया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार, शिक्षक निवारण महतो, कृष्णपद हांसदा, रजनीकांत सिंह , रेवती मोहन गोप, गणेश गोराई, संजीव कुमार, चित्रा महांती, डॉ. अरुणा कुमारी व कल्याणी कुमारी आदि उपस्थित थे।




