करोड़ों की योजना को अधूरा छोड़ भागा ठेकेदार, राहगीरों की परेशानी देख पंसस प्रतिनिधि ने कराई अधूरी सड़क की मरम्मत

Patamda: पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड में सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में ठेकेदार की मनमानी एवं विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता की वजह से लोग परेशान हैं। इसका उदाहरण है बेलटांड़-रघुनाथपुर भाया बोड़ाम मुख्य सड़क। बांकादा मध्य विद्यालय के सामने से करीब 100 मीटर सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देने की वजह से जलमग्न हो गया है। जर्जर हो चुकी सड़क पर बने छोटे-बड़े गड्ढों में राहगीरों को हो रही असुविधा को देखते हुए रविवार को पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो ने स्लैग डलवाकर मरम्मत कराई।
इस संबंध में पंसस प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि मानसून की बारिश के दौरान पिछले करीब 15 दिनों से सड़क के बीच गड्ढे उभर आने से उन गड्ढों में पानी जमा होने लगता है। पिछले कई दिनों में अब तक दर्जनों लोग दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। जबकि प्रतिदिन कोई न कोई बाइक सवार गिरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य के ठेकेदार द्वारा योजना को करीब एक साल से अधूरा छोड़ देने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इसे पूरा कराने की मांग की है।





