पटमदा के बिड़रा में जर्जर विद्यालय भवन में बारिश से बुरा हाल, शेड में पढ़ रहे बच्चे

Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत बिड़रा प्राथमिक विद्यालय का भवन पिछले कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है। इसकी मरम्मत या नए भवन का निर्माण हेतु विभागीय अधिकारियों से कई बार मांग करने के बवाजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसका खामियाजा गांव के गरीब बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से जारी बारिश के कारण जर्जर छत से पानी का रिसाव हो रहा है और कमरे के अंदर पानी जमा हो गया है। जबकि एक कमरे से छत का प्लास्टर भी गिरने लगा है। खतरे की आशंका को देखते हुए कक्षा 1 से पांचवीं तक के 104 बच्चों को एक शेड के नीचे बैठाया जा रहा है।
विद्यालय की शिक्षिका अदिति विश्वास एवं सबिता महतो बताती हैं कि भवन के अंदर पानी भरने से बच्चों को बैठाना संभव नहीं है और लगातार छत से पानी टपकने से उसमें जरूरी समानों को रखना भी मुश्किल हो गया है। एक शेड के नीचे सभी बच्चों को बैठाने में परेशानी होने की सूचना पर काफी संख्या में अभिभावक बुधवार को सुबह स्कूल पहुंचे और विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद उपमुखिया गोपाल गोराई एवं ग्राम प्रधान ने बच्चों की समस्याओं को देखते हुए बीईईओ एवं कनीय अभियंता से दूरभाष पर बात की। दोनों ही अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस विद्यालय का नाम भवन का निर्माण या मरम्मत हेतु सूची में सबसे ऊपर है विभाग से फंड मिलते ही काम होगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व में जमीन संबंधी विवाद के कारण एक बार नए भवन के लिए आया हुआ फंड को लौटाना पड़ा, वर्तमान में जब कोई विवाद नहीं है और भवन के लिए पर्याप्त जमीन है तो अभी फंड की कमी के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उपमुखिया ने बताया कि अगर शीघ्र ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के दौरान कक्षा का संचालन बंद भी करना पड़ सकता है क्योंकि बच्चों की सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है।





