सांसद आदर्श ग्राम बांगुड़दा में मां मनसा की प्रतिमा विसर्जित, अश्रुपूरित नेत्रों से दी गई विदाई
Patamda: सांसद आदर्श ग्राम बांगुड़दा में शनिवार को आराध्या देवी मां मनसा की प्रतिमा का विसर्जन धूमधाम के साथ किया गया। इस दौरान गांव की महिलाओं ने मां मनसा को आसछे बछर आबार एसो मां कहते हुए अश्रुपूरित नेत्रों से विदाई दी। विसर्जन जुलूस गाजे बाजे के साथ निकाला गया जो साहेब बांध तालाब में संपन्न हुआ। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मान्यता है कि फसलों की अच्छी पैदावार के लिए मां पाताल कुमारी की प्रतिमा स्थापित करते हुए पूजा अर्चना की जाती है और इसके पश्चात लगभग एक महीने तक लगातार मां की पूजी जाती है। गांव के शुभेंदु महतो बताते हैं कि फसलों को किसी भी प्रकार के कीड़े या अन्य जीव जंतु से बचाव हेतु मां मनसा देवी की लगभग एक महीने तक पूजा की जाती है। इस समय धान या कोई भी अन्य फसलें अतिवृष्टि के कारण कीड़े मकोड़े के शिकार होने लगते हैं या ज़्यादा धूप के कारण नष्ट होने लगते हैं। यही कारण है कि आराध्या देवी मां मनसा की लगभग एक महीने तक पूजा की जाती है। शास्त्रों की मानें तो मां मनसा देवी की पूजा, जब तक फसल अच्छी तरह से न पक जाए तब तक की जानी चाहिए लेकिन दिनों दिन सब कुछ घटते जा रहा है और मां मनसा देवी की पूजा का समय भी कम होते जा रहा है। शुभेंदु बताते हैं कि मां की पूजा और विसर्जन में पहले हम लोग देखते थे कि बहुत दिनों का अंतराल होता था लेकिन अब वह धीरे-धीरे कम होते जा रहा है। इसका मुख्य कारण है लोगों में पहले से अधिक व्यस्तता।





