गेंगाड़ा की जमीन उपयुक्त, सड़क की सुविधा मिली तो प्रस्तावित स्थल पर ही बनेगा स्टेडियम, जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी ने विधायक के साथ किया स्थल निरीक्षण

Patamda : पूर्वी सिंहभूम में जिला स्तर पर प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को लेकर रविवार को पटमदा के गेंगाड़ा मौजा स्थित खाता संख्या 416, प्लॉट संख्या 1624, रकवा 49 एकड़ 50 डिसमिल चिह्नित भूमि का निरीक्षण विधायक मंगल कालिंदी के साथ जेएससीए के सचिव सौरभ तिवारी ने किया। इस दौरान पटमदा सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार, पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार, अंचल निरीक्षक सुशांत कुमार जेना, अमीन नंदलाल महतो, जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो के अलावा जेएससीए के पूर्व सचिव राजेश वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष राजीव बदान, कमेटी सदस्य परवेज खान, डी उमा राव व रत्नेश कुमार शामिल थे।
स्थल निरीक्षण के बाद पटमदा के मानचित्र में गेंगाड़ा में प्रस्तावित जमीन को सीओ द्वारा अधिकारियों को चित्र में चिह्नित कराया गया। साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग से स्टेडियम की जमीन का नक्शा तैयार करने का सीओ ने आश्वासन दिया। विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि गेंगाड़ा गांव में स्टेडियम बनने से पटमदा का काफी विकास होगा।
क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद में हमेशा सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनाने के लिए जो भी जरूरत पड़ेगी राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सहयोग लिया जाएगा और स्टेडियम के निर्माण कार्य को सफल बनाने में हर संभव सहयोग किया जाएगा। जमीन निरीक्षण के दौरान जेएससीए के सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि कमलपुर थाना के बराभूम-बांदोवान मुख्य सड़क से तीन किलोमीटर दूर गेंगाड़ा मौजा की लगभग 50 एकड़ जमीन स्टेडियम के लिए काफी योग्य है। मुख्य सड़क से गेगाड़ा तक जाने वाली मुख्य सड़क भी योग्य है, सिर्फ सड़क की चौड़ीकरण एवं मरम्मत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जाता है, तो इस स्थान पर क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पूरी तरह से संभव है।





