पाथरडीह प्राथमिक विद्यालय में दो दिवसीय ग्राम शिक्षा संगम कार्यक्रम संपन्न
Patamda: जिला शिक्षा अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा प्रखंड के पाथरडीह प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय ग्राम शिक्षा संगम का समापन शनिवार को हो गया। इस संबंध में प्रधान शिक्षक रवि नरेश प्रसाद ने बताया कि समागम का उद्देश्य शीतकालीन अवकाश में भी सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को नियमित पढ़ाई या सीखने की प्रक्रिया से जोड़े रखना है। शिक्षा का माहौल बनाना तथा स्कूल बंद रहने के दौरान भी पढ़ाई में सक्रिय बनाए रखना तथा माता-पिता की सक्रिय भागीदारी बनाए रखना था।
संगम कार्यक्रम में स्व-अध्ययन मौखिक ज्ञान, आसपास की वस्तुओं, पशुओं, पेड़-पौधों की विस्तृत जानकारी नाम लिखो और खोजो, खेल आदि कार्यक्रम कराए गए। मौके पर एफएलएन व पेरेंट्स कैलेंडर पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा अभिभावकों से अनुरोध किया गया कि कैलेंडर के अनुसार सभी अभिभावक अपने- अपने बच्चों के साथ प्रतिदिन समय निकाल चला करें। कार्यक्रम में उपस्थित दिघी पंचायत के उप मुखिया राज शेखर महतो ने कहा कि कार्यक्रम में 80 प्रतिशत अभिभावकों के साथ बच्चों की उपस्थिति काफी सराहनीय है। इसे और सुधार करते हुए शत प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा जाना चाहिए। साथ ही गांव घर में अच्छा वातावरण तैयार करें। महतो ने कहा यह गर्व की बात है कि मॉडल स्कूल भर्ती परीक्षा में पाथरडीह विद्यालय के बच्चे प्रत्येक वर्ष अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं और मेरी शुभकामना है कि आगे भी करते रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष टीनोपाल महतो, प्रधान शिक्षक सह समिति के सचिव रवि नरेश प्रसाद, सदस्य संजय महतो, कलावती महतो, विमला महतो, अनीता महतो, ठाकुरमणि महतो समेत काफी संख्या में माताएं एवं बच्चे उपस्थित थे।





