केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ दुबई के लिए हुए रवाना, 17- 18 नवंबर को आयोजित दुबई एयर शो 2025 में लेंगे हिस्सा

Jamshedpur: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 17–18 नवम्बर को आयोजित दुबई एयर शो 2025 में भाग लेने हेतु भारत के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, रक्षा उत्पादन विभाग, विदेश मंत्रालय तथा तीनों सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारी के साथ ही रक्षा राज्य मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव सह पटमदा के जितेंद्र नाथ महतो भी शामिल होंगे।
एयर शो के दौरान रक्षा राज्य मंत्री की अपने यूएई समकक्ष के साथ द्विपक्षीय बैठक निर्धारित है। इसके अतिरिक्त रक्षा राज्य मंत्री लगभग 50 कंपनियों (भारत, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, ब्राज़ील, ब्रिटेन और इटली की) के साथ एक उद्योग गोलमेज़ बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसका उद्देश्य रक्षा तकनीक सहयोग को बढ़ावा देना और भारत में विनिर्माण को सुदृढ़ करना है।
रक्षा राज्य मंत्री दुबई एयर शो में स्थापित ‘इंडिया पवेलियन’ का उद्घाटन भी करेंगे। इस पवेलियन में एचएएल, डीआरडीओ, कोरेल टेक्नोलॉजीज, डैंटल हाइड्रोलिक्स, इमेज सिनर्जी एक्सप्लोर और एसएफओ टेक्नोलॉजीज जैसी प्रमुख भारतीय संस्थाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इंडिया पवेलियन के अतिरिक्त भारत की 19 प्रमुख कंपनियाँ—जैसे भारत फोर्ज, ब्राह्मोस, टेक महिंद्रा, एचबीएल इंजीनियरिंग—अलग से प्रदर्शनी में भाग ले रही हैं। साथ ही भारत के 15 स्टार्टअप्स भी अपने उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
भारतीय वायु सेना इस एयर शो में सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम तथा तेजस विमान के साथ भाग ले रही है। दुबई एयर शो संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित एक द्विवार्षिक वैश्विक कार्यक्रम है। इस वर्ष इसमें 1,500 से अधिक प्रदर्शक, 148,000 से अधिक उद्योग प्रतिनिधि और 150 देशों की भागीदारी हो रही है। प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में बॉम्बार्डियर (कनाडा), डसॉल्ट एविएशन (फ्रांस), एमब्रायर (ब्राज़ील), थेल्स (फ्रांस), एयरबस (यूरोपीय संघ), लॉकहीड मार्टिन (अमेरिका) और कैलिडस (यूएई) शामिल हैं। मंत्री के साथ उनके अतिरिक्त निजी सचिव पटमदा के जितेंद्र नाथ महतो भी रविवार को दिल्ली से रवाना हुए।





