मंत्री बनेंगे संजीव सरदार? हाथीखेदा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अटकलें तेज

Patamda : राज्य सरकार के शिक्षा मंत्री रहे रामदास सोरेन के असामयिक निधन के बाद खाली हुई विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में झामुमो की ऐतिहासिक जीत के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं। वहीं दूसरी ओर झारखंड कैबिनेट में खाली एक मंत्री की कुर्सी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि रामदास सोरेन के स्थान पर जिले से एक मंत्री बनाया जाना है। ज्यादा संभावना आदिवासी या अनुसूचित जाति का मंत्री बनाये जाने की है।
स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भूमिज आदिवासी चेहरे के तौर पर पोटका विधायक संजीव सरदार, सामान्य कोटे से बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती, अनुसूचित जाति कोटे से जुगसलाई विधायक मगंल कालिंदी तो रामदास सोरेन के उत्तराधिकारी होने के नाते संथाल कोटे से घाटशिला के नवनिर्वाचित विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के नाम पर अलग – अलग तर्क दिए जा रहे हैं। खासकर भूमिज समुदाय से आने वाले संजीव सरदार के समर्थक उनके दावे को काफी मजबूत बता रहे हैं। मंगलवार को संजीव सरदार बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लावजोड़ा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की। लोग इसे मंत्री पद से जोड़ कर देख रहे हैं। कभी शिक्षक के रूप में सेवा दे चुके संजीव सरदार को उनके समर्थक शिक्षित विधायक बताते हुए भावी शिक्षा मंत्री के रूप में देखने लगे हैं। और इसको लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।





