पीएलवी के प्रयास से 13 अनाथ बच्चों के माता – पिता के जल्द बनेंगे मृत्यु प्रमाण पत्र, मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
Patamda: पूर्वी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा चलाए जा रहे डोर टू डोर विधिक जागरूकता अभियान के तहत पारा लीगल वॉलेंटियर (पीएलवी) निताई चंद्र गोराई ने बोड़ाम के प्रखण्ड विकास पदाधिकरी के निर्देश पर बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न गांवों के 13 अनाथ बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का रास्ता आसान कर दिया है। उन्होंने उन बच्चों के माता – पिता के नाम पर मृत्यु प्रमाण पत्र एवं एक बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनाने हेतु कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आवेदन प्रखंड कार्यालय में जमा कर दिया है। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी किकू महतो ने संबंधित पंचायत सचिव को मामले की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द प्रमाण पत्र निर्गत कराने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में सोमवार को निताई चंद्र गोराई ने कहा कि अनाथ बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत प्रति बच्चे प्रति माह पढ़ाई के लिए 4 हजार रुपए का लाभ दिया जाना है। इसके अलावा और भी कई योजनाएं हैं जिसका लाभ दिलाने के लिए वे पिछले कई माह से प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम के तहत बहुत सारे वैसे बच्चों के बारे में भी पता चला कि उनके माता – पिता का निधन वर्षों पूर्व हो चुका है, परंतु किसी का भी मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बना है। मृत्यु प्रमाण नहीं होने के कारण बच्चो को स्पॉन्सरशिप (प्रायोजन) जैसे कल्याणकारी योजना से जोड़ना संभव नहीं हो पा रहा है। इसके लिए बीते माह बोड़ाम प्रखंड के दौरे पर आए जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने भी बीडीओ किकू महतो को जरूरी निर्देश दिया था।
योजना का लाभ दिलाने के लिए अभिभावकों के मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत होने के बाद सभी बच्चों के नाम पर आय प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और तत्पश्चात स्पॉन्सरशिप योजना का आवेदन जिला बाल संरक्षण इकाई में कर दिया जाएगा। स्वीकृति मिलने के पश्चात प्रत्येक परिवार के दो बच्चों को पढ़ाई के लिए 4 हजार रुपए प्रति माह प्राप्त होगा।





