पटमदा में 10 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा, 86 प्रतिशत धान की हुई रोपनी
Patamda : पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड में पर्याप्त मात्रा में हुई बारिश की वजह से इस वर्ष हुई धान की खेती ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉड तोड़ दिया है। कृषि विभाग की ओर से पटमदा प्रखंड में 86.5 प्रतिशत जबकि बोड़ाम में 84.7 प्रतिशत धान की रोपनी का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। इसके बावजूद कई जगहों में अब भी धान रोपनी का कार्य जारी है।
पिछले दो माह से हो रही लगातार बारिश के कारण इस वर्ष किसानों ने दोन एक व दो में सात प्रतिशत एवं दोन तीन में कहीं-कहीं धान रोपनी का कार्य किया है। धान की रोपनी अधिक होने के कारण दलहन, मक्का एवं तेलहन की खेती कम हुई है। दूसरी ओर अत्यधिक बारिश के कारण सब्जियों की खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है और अब तक उत्पादन शुरू नहीं हो पाने से कीमतें कम नहीं हो पा रही हैं। इस संबंध में गागीबुरु निवासी किसान प्रबोध कुमार महतो ने बताया कि अब तक धान की फसल बहुत ही अच्छी है और आगे भी मौसम का साथ रहे या बीमारी से उत्पादन प्रभावित नहीं हुआ तो अच्छा मुनाफा हो सकता है।





