बोड़ाम बाजार से 2 गाय और 2 बछड़ों की चोरी, दहशत
Patamda: बोड़ाम थाना से महज आधा किलोमीटर दूर बोड़ाम काली मंदिर के समीप स्थित साधु महतो के गोहाल से शुक्रवार की रात करीब 1 बजे के बाद अज्ञात लोगों ने 2 दुधारू गायों एवं 2 बछड़ों की चोरी कर ली। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और क्षेत्र के पशुपालक दहशत में हैं।
घटना के वक्त परिवार के लोग गहरी नींद में थे जिसका फायदा चोरों ने उठाया। घटना की जानकारी सुबह में हुई तो काफी संख्या में लोग साधु महतो के घर के पास जुटे और मामले की जानकारी लेने लगे। बताते हैं कि चोरों ने गाय एवं बछड़ों को बांधने वाली रस्सी को काटकर ले भागा है। सूचना पाकर पहुंचे बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना में पीड़ित पशुपालक को करीब एक लाख का नुकसान हुआ है।





