एनएच 33 पलाशबनी में ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर
Jamshedpur: एनएच 33 में सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे एमजीएम थाना अंतर्गत पलाशबनी में देवा होटल के पास बने डायवर्सन में एक भयानक हादसा हो गया। ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों के सिर पर गंभीर चोट होने से सड़क पर काफी खून जमा हो गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को तत्काल पुलिस द्वारा एंबुलेंस से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए टीएमएच रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता ने एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास से बात करते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। मृत युवक की पहचान बड़ाबांकी गांव के बांधडीह टोला निवासी सुभाष सिंह (19) के रूप में की गई है जबकि घायल साथी उसी गांव का सुफल सिंह (18) बताया जाता है। बताते हैं कि दोनों युवक एक आर 15 गाड़ी पर सवार होकर एमजीएम थाना वेरिफिकेशन के काम से आए थे। वहां से लौटने के क्रम में एक ट्रेलर द्वारा डायवर्सन पर अचानक ब्रेक मारने व मोड़ने से बाइक टकरा गई और बाइक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए मामले में छानबीन शुरू कर दी है। घायलों की मदद में पलाशबनी के झामुमो पंचायत अध्यक्ष नगेन सोरेन, नारायण सिंह आदि पहुंचे। देर शाम एमजीएम अस्पताल पहुंचे पिंटू दत्ता ने मृतक के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।






























