गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चमके पटमदा के 7 फुटबॉल खिलाड़ी, हर्ष

Patamda: 25वीं राष्ट्रीय 7-ए साइड फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 का आयोजन गोवा के माफसा क्षेत्र अंतर्गत दुलेर फुटबॉल मैदान में रविवार को संपन्न हुई। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने सीनियर वर्ग में भाग लिया। झारखंड की टीम में पटमदा के 7 लड़कों ने प्रतिनिधित्व करते हुए खेल का बेहतर प्रदर्शन किया। झारखंड का फाइनल मुकाबला छत्तीसगढ़ की टीम से हुआ। फाइनल में झारखंड की टीम ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया और अंतिम समय में हुई चूक की वजह से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। पूरे टूर्नामेंट में झारखंड की टीम में शामिल पटमदा निवासी खिलाड़ी प्रशांत सोरेन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस संबंध में झारखंड फुटबॉल अकादमी के सचिव अजीत कुमार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। टीम में शामिल पटमदा के खिलाड़ियों में प्रशांत सोरेन के अलावा तपन कुमार टुडू, प्रशांत मुर्मू, मुकेश बेसरा, परमेश्वर मुर्मू, नरेंद्र मुर्मू व सुखदेव मांडी शामिल थे। बताते हैं कि सभी सातों खिलाड़ी पटमदा के अर्जुन एफसी में खेलते हैं जिन्हें पटमदा के तुंगबुरु निवासी फुटबॉलर अर्जुन टुडू कोचिंग देते हैं। कुल मिलाकर राष्ट्रीय स्तर पर चमके सभी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग इसे भविष्य के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं।





