गुड़ाबांदा में बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी में 7 हाइवा जब्त, मालिकों का पता लगाने में जुटी पुलिस

Gurabanda (S. Kumar) : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह को खनन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। बिना वैध चालान के बालू परिवहन करते सात हाइवा जब्त किए गए। माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव और थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव ने भाखर से दो और कोईमा से चार हाइवा जब्त किया।
इस मामले में माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव के बयान पर थाना में दो केस संख्या 25/2025 और 26/2025 दर्ज किया गया है। सूत्रों के मुताबिक बालू की लोडिंग कोईमा स्थित एक स्टॉक यार्ड से की गई थी। जिसका चालान नहीं काटा गया था। बिना वैध चालान के ही हाइवा में बालू का परिवहन किया जा रहा था। माइनिंग इंस्पेक्टर की छापेमारी से बालू के अवैध परिवहन में जुटे लोगों में अफरातफरी मच गई। कई हाइवा छापेमारी की जानकारी लगते ही वापस उसी स्टॉक यार्ड में बालू को डंप कर दिया।
खनन विभाग की कार्रवाई के बाद दर्जनों खाली हाइवा कोईमा सड़क पर खड़े दिखे। हाइवा संख्या जेएच 05 एके 5452, जेएच 05 डीएम 0102, जेएच 05 डीएम 6975, जेएच 05 सीएफ 1740, जेएच 05 डीयू 9517 आदि शामिल हैं। बीएएएस 303(02), 317(5), 21 एमएमडीआर एक्ट व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।





