एमबीएनएस संस्थान में आयोजित शिविर में 80 यूनिट रक्त संग्रहित

Jamshedpur : एमबीएनएस संस्थान में शनिवार को ब्रह्मानंद अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें काफी संख्या में लोग पहुंचे और रक्तदान हेतु निबंधन कराया। हिमोग्लोबिन की कमी समेत विभिन्न कारणों से दर्जनों लोगों का रक्त नहीं लिया जा सका। शिविर के दौरान कुल 80 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो संस्थान एवं स्थानीय समुदाय की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शिविर में संस्थान के बीएड, डीएलएड , जीएनएम व नर्सिंग संकाय के विद्यार्थियों ने अपनी रुचि दिखाई। आसनबनी तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। प्रतिभागियों ने मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपने सराहनीय संकल्प का परिचय दिया।
संस्थान की निर्देशिका मिसेज अनुपा सिंह ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में आवश्यकता के समय रक्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रह्मानंद अस्पताल के एडमिनिस्ट्रेटर मिस्टर शक्तिधारी सिंह, मिसेज गीता सिंह, अशोक सिंह तथा उनके सहयोगी दल ने अपना योगदान दिया। साथ ही साथ एमबीएनएस संस्थान के एनएसएस सेल के अंतर्गत ये इस साल का दूसरा रक्तदान शिविर सफल हुआ, जिसमें एमबीएनएस परिवार के सदस्यों ने मिलकर अपनी भागीदारी दिखाई।





