पटमदा के गोबरघुसी हाई स्कूल में 36 लाख में बनेगा भवन, हुआ शिलान्यास

Patamda: पटमदा प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय गोबरघुसी में झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से स्वीकृत 4 कमरों के दो मंजिला भवन का शिलान्यास कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। पटमदा के सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, विधायक प्रतिनिधि सुभाष कर्मकार, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा, मुखिया प्रतिनिधि खगेंद्र नाथ सिंह व ग्राम प्रधान बेलू सिंह ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़ा एवं कार्य का शुभारंभ किया। 36 लाख की लागत से स्वीकृत योजना का ठेका जगदंबा बिल्डर्स, चाईबासा को मिला है।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि सुभाष कर्मकार ने कहा कि इस विद्यालय के पुराने जर्जर भवन को तोड़ने के बाद कमरों की कमी होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही थी। इसकी जानकारी विधायक मगंल कालिंदी को मिलने पर उन्होंने यहां अतिरिक्त 4 कमरों के निर्माण की स्वीकृति दिलाई। कर्मकार ने कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जनजाति समुदाय के बच्चे इस विद्यालय में अध्ययनरत हैं इसलिए प्लस टू का दर्जा भी दिलाया गया है और संभवतः अगले सत्र से पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। उन्होंने विद्यालय के विकास में हर संभव में योगदान देने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रधानाध्यापक ने विधायक के नाम सुभाष कर्मकार को एक ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।
समारोह में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, भाजपा के मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल, उप मुखिया कल्पना पाल, पूर्व सैनिक वीरेंद्र प्रताप सिंह, नीलरतन पाल, सुफल टुडू, स्वपन महतो, सिजेन हेंब्रम, आशुतोष महतो, माणिक महतो, प्रधानाध्यापक उपेंद्र बेसरा, शिक्षक चंद्रशेखर आचार्य, अंब्रेश कुमार, अंजू दत्ता, गौरांगो महतो व सुधांशु महतो आदि मौजूद थे।





