पटमदा मुख्य सड़क पर कार- बाइक में भिड़ंत, रात भर जंगल में बेहोश पड़ा रहा बाइक चालक, जानें विस्तृत रिपोर्ट
बाइक चालक रोहन सिंह
Patamda: टाटा -पटमदा मुख्य सड़क पर रविवार की शाम करीब 8 बजे टाटा -पटमदा मुख्य सड़क पर धूसरा में जाहिर स्थान के समीप एक कार और बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस घटना में बाइक एवं कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद कार पर सवार लोग तो सुरक्षित निकले लेकिन बाइक सवार मौके से लापता हो गए।
सूचना पाकर पहुंची पटमदा पुलिस ने मामले की छानबीन की जहां क्षतिग्रस्त कार एवं बाइक को जब्त कर लिया। घटना इतनी भयानक थी कि बाइक का अगला चक्का भी खुल कर निकल गया था। पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत ने स्थानीय झामुमो नेता हरिहर सिंह व बामनी निवासी धर्मु किस्कू एवं अन्य ग्रामीणों के साथ देर रात तक बाइक चालक की खोजबीन की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल पाया। इससे पुलिस के साथ – साथ स्थानीय लोग भी परेशान रहे। सुबह करीब 8 बजे मुख्य सड़क पर घायलावस्था में निकला बाइक चालक रोहन सिंह (19 वर्ष) बारूडीह निवासी चंदन सिंह की बाइक पर सवार होकर ठनठनी घाटी स्थित मां काली होटल पहुंचा। यहां पूर्व में मजदूरी कर चुका रोहन सिंह ने उपस्थित लोगों को घटना की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि किस्मत से वह बच गए।
रोहन के अनुसार वह अपने तिलाईटांड़ (सारी) स्थित घर से एक व्यक्ति की बाइक लेकर भुईयांसिनान टुसू मेला गया था। वहां से लौटने के क्रम में तेज रफ्तार एक बाइक ने ओवरटेक के क्रम में उसे ठोकर मार दिया जिसके बाद वह अनियंत्रित हो गया और जमशेदपुर की ओर जा रही कार से टकरा गया। इसके बाद वह भयभीत होकर जंगल की तरफ भाग निकला और काफी देर तक चिटाबुरु जंगल में छिपा रहा लेकिन मुख्य सड़क के आसपास की झाड़ियों में पुलिस द्वारा टॉर्च जलाकर तलाशी अभियान चलाने की वजह से नहीं निकला। इसी बीच जब तक वह बगल के सबर टोला की ओर जाने का प्रयास करते शरीर में चोट होने की वजह से बेहोश हो गया। भीषण ठंड में करीब 8 घंटे तक बेहोशी की हालत में पड़े होने के बाद सुबह में जब होश आया तो मुख्य सड़क पर निकला। इस संबंध में धर्मु किस्कू ने बताया कि रोहन पूर्व में मां काली होटल का कर्मचारी रह चुका है और करीब डेढ़ महीना पूर्व यहां काम छोड़ कर कर्नाटक गया था मजदूरी करने। टुसू पर्व में घर लौटा था और रविवार को हादसे का शिकार हो गया। सुबह 9 बजे के बाद अस्पताल ले जाकर इलाज करवाना गया।





