लातेहार के चंदवा थाना परिसर में नीमडीह निवासी कुक ने की आत्महत्या
वीरेंद्र दास (फाइल फोटो)
Ranchi : लातेहार जिले के चंदवा थाना परिसर में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थाना के निजी रसोइया वीरेंद्र दास (45 वर्ष), पिता कालीपद दास ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के जांता गांव का रहनेवाला था। घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
बताया जाता है कि वीरेंद्र प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह भी थाना में मौजूद था। अधिकारी एवं जवान नाश्ता करने के बाद अपने-अपने कार्यों में व्यस्त हो गए थे। इसी दौरान वीरेंद्र दास ने थाना प्रांगण स्थित आम के पेड़ में फांसी लगा ली। कुछ समय बाद थाना के जवानों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। एसडीपीओ अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। बताया जाता है कि मृतक वीरेंद्र दास मूल रूप से सरायकेला जिले का निवासी था और वह चंदवा थाना प्रभारी रणधीर कुमार सिंह के लिए निजी कुक के रूप में लंबे समय से कार्य कर रहा था। खबर लिखे जाने तक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस संबंध में परिजनों का कहना है कि वीरेंद्र मकर संक्रांति पर अपने घर आया था और बिल्कुल नॉर्मल था इसके बावजूद उसके आत्महत्या करने की घटना संदेह पैदा कर रही है। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया होगा, घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। बुधवार को सुबह 9 बजे तक परिजन शव लेकर अपने गांव पहुंचे, गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। वह दो भाइयों में बड़ा था। घर में माता – पिता एवं पत्नी के अलावा दो छोटे – छोटे बेटे हैं। वह काफी मिलनसार व्यक्ति था। उसकी ससुराल पटमदा के बेलटांड़ चौक में है एवं टुसू पर्व में आया भी था। उसके ससुर का नाम राधारमण दास है। सूचना मिलने के बाद सभी लोग जांता गांव पहुंच चुके हैं।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में हो रही है जांच : एसपी
एसपी कुमार गौरव ने मंगलवार को घटना के बाद कहा कि थाना परिसर में आत्महत्या की घटना हुई है। मामले की जांच के लिए डीएसपी एवं मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है और उनकी निगरानी में पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।





