चिटाबुरु मेला से लौट रहे दंपती को बाइक ने मारी टक्कर, घायल
Patamda: रविवार की शाम करीब 8 बजे टाटा – पटमदा मुख्य सड़क पर धूसरा आवासीय विद्यालय के समीप हुई सड़क दुघर्टना में एक दंपती घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंचे झामुमो नेता हरिहर सिंह ने पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत को सूचित किया एवं घायलों को तत्काल माचा स्थित सीएचसी अस्पताल भेज दिया। बताते हैं जादूगोड़ा मूल निवासी जयदेव सिंह (40 वर्ष) व उनकी पत्नी काजल सिंह (35) शाम को चिटाबुरु स्थित मेला से सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के बाद पैदल ही अपने रिश्तेदार रतन सिंह के पगदा टोला कुसुमडीह स्थित घर जा रहे थे।
मुख्य सड़क पर पटमदा से जमशेदपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे बाइक सवार युवक समेत तीनों बीच सड़क पर गिर गए। घटना के बाद बाइक चालक किसी तरह उठने के बाद बाइक लेकर फरार हो गया। बताते हैं कि घायल जयदेव सिंह सपरिवार जमशेदपुर में रहकर मजदूरी करते हैं और रविवार को मेला देखने के लिए अपने रिश्तेदार के घर आए थे।





