पश्चिम बंगाल से आलू बीज लेकर लौट रहे बाइक सवार किसान को अज्ञात कार ने रौंदा
Patamda : पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बांदोवान थाना क्षेत्र अंतर्गत लिकि पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की शाम करीब 6 बजे हुई सड़क दुघर्टना में पटमदा के लच्छीपुर निवासी किसान रतन महतो की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बांदोवान – काटिन मुख्य सड़क पर उस वक्त हुई जब रतन महतो अपनी बाइक पर बांदोवान से आलू बीज का बोरा लेकर लौट रहे थे। घटनास्थल उनके घर से करीब 8 किमी दूर है। स्थानीय लोगों के अनुसार 53 वर्षीय रतन अपनी बाइक में बांदोवान से अपने घर लौट रहे थे जबकि विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल रतन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस ने उसे उठाकर बांदोवान स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुरुलिया मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसकी सूचना परिवार के सदस्यों एवं ग्रामीणों को मिलते ही गांव में मातम छा गया। जबकि परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटों समेत सभी का रो रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों के अनुसार रतन महतो एक प्रगतिशील किसान थे और खेती से ही अपनी आजीविका चलाते थे, वे अन्य किसानों को भी कृषि कार्य में जरूरी सलाह देकर मदद करते थे। बंगाल पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि घटना की जांच करते हुए उसमें शामिल कार को जब्त किया जाएगा और बीमा योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा जबकि राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को मिलने वाली 2 लाख की मुआवजा राशि दिलाने में मदद की जाएगी।
फोटो: फाइल





