जमशेदपुर में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर होगा भव्य आयोजन, तैयारी बैठक संपन्न
Jamshedpur : 21 फरवरी को विश्वभर में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग अपनी मातृभाषा और संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेते हैं। झारखंड बंगभाषी समन्वय समिति भी अपने गठन के समय से ही इस दिवस को बड़े पैमाने पर आयोजित करती आ रही है तथा मातृभाषा की रक्षा के लिए आंदोलन का संकल्प दोहराती है। इस वर्ष समिति अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मातृभाषा दिवस को और अधिक व्यापक रूप से मनाने जा रही है। वर्ष 2024 में केंद्र सरकार द्वारा भाषा नीति को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में शिक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके बावजूद झारखंड में बड़ी संख्या में बांग्ला भाषी लोगों की मातृभाषा बांग्ला होने के बाद भी राज्य सरकार की नीतियों के कारण बांग्ला सहित कई भाषाओं का अस्तित्व संकट में बताया जा रहा है।
समिति का आरोप है कि सैकड़ों बांग्ला माध्यम विद्यालयों को हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर नहीं मिल पा रहा। समिति का आंदोलन इसी नीति के विरोध में केंद्रित है। इस उपलक्ष्य में 22 फरवरी 2026 को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बांग्ला भाषा के विकास में पंडित ईश्वर चन्द्र विद्यासागर के योगदान पर विशेष व्याख्यान दिया जाएगा। मुख्य वक्ता के रूप में विद्यासागर अनुरागी तथा पश्चिम बंगाल वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बांग्ला सहित विभिन्न भाषाओं के प्रतिनिधि शामिल होकर अपनी मातृभाषा की रक्षा के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुति के तहत टैगोर स्कूल ऑफ़ आर्ट्स की चंदना चौधुरी एवं उनकी टीम द्वारा संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष विकास मुखर्जी, महासचिव संदीप सिन्हा चौधुरी, नेपाल चंद्र दास, गोबिंद मुखर्जी, पूरबी घोष, बनश्री सरकार, उदय सोम, अरुण दासगुप्त, मिहिर दास, सोमा घोष, सुलेखा डे, दीपिका बनर्जी, शिल्पी, अभिषेक सिंह, तरुण बोस सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।





