बोड़ाम में दहेज के लिए महिला को जलाकर मारने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र के मुकरुडीह निवासी एक महिला पिंकी दास को उसके पति विश्वनाथ दास द्वारा दहेज के लिए जलाकर मारने के आरोप में बोड़ाम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हुंडी गांव निवासी मृतका की मां मंगला दास के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने के पश्चात पुलिस द्वारा मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पिंकी के पति विश्वनाथ दास एवं ससुर गोराचांद दास एवं सास द्रौपदी दास द्वारा अक्सर दहेज के लिए मारपीट की जाती थी जिसकी शिकायत कई बार पिंकी के द्वारा अपने माता – पिता से दूरभाष पर की गई थी। बीते 10 दिसंबर को सुबह में दहेज के लिए हुए विवाद के बाद पति विश्वनाथ दास द्वारा पिंकी को जलाकर मारने का प्रयास किया गया। फिर गंभीर हालत में उसे टीएमएच में भर्ती कराया गया। वहां करीब 10 दिनों तक इलाज चलने के बाद बेहतर इलाज हेतु रिम्स अस्पताल रेफर कर दिए जाने पर परिजनों ने एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया जहां मंगलवार को सुबह में उसकी मौत हो गई। मृतका की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी और उसे एक बेटा (3 वर्ष) है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि बीते 10 दिसंबर को पिंकी दास के शरीर में आग लग गई थी जिसके बाद परिजनों ने इलाज हेतु टीएमएच में भर्ती कराया था और वहां से एमजीएम अस्पताल लाने पर आज सुबह मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले की छानबीन की जा रही है और तत्काल किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित करना चाहिए था, मरने से पूर्व महिला का बयान महत्वपूर्ण साबित होता।





