घर में चोरी करने घुसे युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा, चोर की निशानदेही पर बरामद चोरी गई दो बाइक
Jamshedpur : बुधवार को चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अन्तर्गत हिम्मतनगर में चोरी की नीयत से घर में घुसे एक चोर को स्थानीय लोगों द्वारा पकड़कर कपाली ओपी को सौंपा गया था। पूछताछ के क्रम में आरोपी युवक जुनैद फिरोज (25 वर्ष) ने खुद को मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती, रोड नंबर- 09, होल्डिंग नंबर- 02 (युनुस के घर में किरायेदार) निवासी बताया था। पूछताछ में उक्त आरोपी द्वारा अपने एक अन्य साथी की मदद से साकची, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर से दो मोटरसाईकिल चोरी करने की बात स्वीकार की गई एवं उसकी निशानदेही पर चोरी किये गये दोनों मोटरसाईकिल को बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने विधिवत जब्ती सूची बनाते हुए जब्त किए गए चोरी के मोटरसाईकिल के साथ रंगे हाथ पकड़े जाने के आरोप में जुनैद फिरोज को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार प्राथमिकी अभियुक्त जुनैद फिरोज को गुरुवार को जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में कपाली पुलिस ने धारा-317(5)/336(2)/340(2)/3(5) बीएनएस 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बरामद दोनों मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर है जिसपर फर्जी नंबर प्लेट लगा हुआ था। छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, प्रभारी, अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, अवर निरीक्षक अब्दुल रज्जाक खान, सहायक अवर निरीक्षक बिभाष कुमार चौधरी, टाइगर मोबाइल आरक्षी बिपुल कुमार तिवारी, एवं आरक्षी दस्तगीर आलम शामिल थे।





