दांत निकलवाने वाले गरीब मरीज के गलत उपचार का आरोप, गंभीर बीमारी से पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग पर अवध डेंटल कॉलेज में धरना-प्रदर्शन
Jamshedpur: जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत एमजीएम थाना क्षेत्र के भिलाई पहाड़ी गांव निवासी बुद्धेश्वर माहली को न्याय दिलाने की मांग पर मंगलवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता के नेतृत्व में अवध डेंटल कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। आरोप है कि अवध डेंटल कॉलेज में पिछले कई महीनों पूर्व दांत निकलवाने के क्रम में बरती गई लापरवाही के कारण बुद्धेश्वर गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गए हैं। धरना के दौरान कॉलेज के डायरेक्टर के साथ हुई वार्ता के क्रम में उन्होंने गरीब आदिवासी मरीज बुद्धेश्वर माहली को मदद करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी स्थानीय विधायक मगंल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार, पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से दूरभाष पर बात करते हुए अवध डेंटल कॉलेज की लापरवाही से गभीर बीमारी के शिकार हुए बुद्धेश्वर माहली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
विधायक मंगल कालिंदी ने आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस संबंध में जल्द ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मिलेंगे और मामले को रखेंगे। विधायक संजीव सरदार व जिला परिषद अध्यक्ष ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि अवध डेंटल कॉलेज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में मदद का आश्वासन दिया। सिविल सर्जन ने भी आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी। आज के धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता, देवघर पंचायत के मुखिया शशि सिंह सरदार, उप मुखिया श्रीमंत गौड़, बहादुर किस्कू, अर्जुन सोरेन, हरिपद सिंह, मंटू गौड़, सोनू महतो, कई वार्ड सदस्यों के अलावा काफी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। दूसरी ओर गंभीर बीमारी से जूझ रहे बुद्धेश्वर माहली का इलाज तत्काल पिंटू दत्ता अपने स्तर से करवा रहे हैं लेकिन पूर्ण रूप से स्वस्थ होने में लाखों रुपए खर्च होने का अनुमान है।