बोड़ाम में 3 घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस, इलाज के अभाव में महिला ने तोड़ा दम
वेदनी वाला कुम्हार (फाइल फोटो)
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत के डांगरडीह ग्राम निवासी करीब 54 वर्षीय एक बीमार महिला की इलाज के अभाव में मौत हो गई। इस संबंध में गांव के तपन कुंभकार ने बताया कि एक महिला वेदनी वाला कुम्हार गुरुवार को स्कूल मैदान में दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। शाम करीब 5 बजे अचानक सांस लेने में तकलीफ होने पर वह अपने घर लौट गई।
परिजनों को सूचना मिलने पर तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया गया जो डेढ़ घंटे के अंदर पहुंचने का आश्वासन दिया लेकिन 2 घंटे बाद ही महिला ने तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। एंबुलेंस करीब 3 घंटे के बाद गांव पहुंची तो लोगों ने एंबुलेंस को लौटा दिया। इस संबंध में ग्रामीणों ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि बोड़ाम में एक भी एंबुलेंस नहीं होने एवं समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाने की वजह से एक महिला को अकाल मृत्यु का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने एवं बोड़ाम प्रखंड के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग जिला प्रशासन से की है।





