एएमडी जोहार महिला क्लब ने मनाया महिला दिवस, महिलाओं की भूमिका पर जोर
Jamshedpur : परमाणु खनिज अन्वेषण एवं अनुसंधान निदेशालय (एएमडी) जोहार महिला क्लब, जमशेदपुर के तत्वावधान में बिस्टुपुर कांट्रैक्टर एरिया में मंगलवार को महिला दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक व सांस्कृतिक कर्मी पुरबी घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. त्रिपुरा झा (प्राध्यापिका एवं हिन्दी साहित्यकार), बिजया लक्ष्मी दास (अनुराग फाउंडेशन), अरुणा मिश्रा (अंतराष्ट्रीय बाॅक्सर एवं पुलिस उप निरीक्षक) और डॉ. प्रिया गुप्ता (खाना खजाना संजीव कपूर द्वारा सम्मानित अंतरराष्ट्रीय शेफ) शामिल थीं।
इस आयोजन में समाज के विकास में महिलाओं के योगदान पर चर्चा की गई और इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किस प्रकार महिलाएं विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। मौके पर सभी वर्ग की महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त किए और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब, रेड क्रॉस, अभया बनर्जी फाउंडेशन, शिल्पी शुभम, मेराकी, मिशन अवेयरनेस, जमशेदपुर महिला समिति एवं जमशेदपुर वूमेन्स क्लब जैसी कई संस्थाओं ने भाग लिया। इसके अलावा गुजराती, मारवाड़ी, बंगाली, बिहारी, तेलुगु, ओड़िया एवं पंजाबी समाज की महिला प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त कला उद्यान, गुरुकुल, डानफीट एवं अर्ली स्कूल जैसी संस्थाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में किरण सिन्हा, पूनम बिरुआ, तृप्ति एक्का, प्रिया श्रीवास्तव, संजुक्ता घोष, सुजाता दास, संघमित्रा पात्रा, डॉ. दिव्या, डॉ. निवेदिता कर, डालियां घोष, मधुमिता मुखोपाध्याय व रेखा बिरुआ आदि क्लब की सदस्य उपस्थित थीं।