राष्ट्रपति मुर्मू के प्रोटोकॉल उल्लंघन पर आक्रोश, मंगल टुडू ने कहा : यह राष्ट्र का अपमान
Jamshedpur अखिल झारखंड अनुसूचित जनजाति महासभा (आजसू पार्टी) पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष मंगल टुडू ने रविवार को पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ हुए कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और इससे देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची है।
मंगल टुडू ने कहा कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद होता है और उनके दौरे के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाना अनिवार्य है। यदि कहीं भी प्रोटोकॉल का उल्लंघन होता है, तो यह केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र की गरिमा का अपमान माना जाता है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार एक आदिवासी महिला इस सर्वोच्च पद पर आसीन हुई हैं। ऐसे में उनका अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यह न केवल आदिवासी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विरुद्ध है। मंगल टुडू ने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से अपील करते हुए कहा कि उन्हें दलगत राजनीति और क्षेत्रीय संकीर्णता से ऊपर उठकर संवैधानिक पदों की मर्यादा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पदों की गरिमा बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि और नागरिक की जिम्मेदारी है।





