गर्लफ्रेंड से नाराज युवक ने लगाया वीडियो कॉल और लगा ली फांसी
राहुल मंडल (फाइल फोटो)
Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदुडीह गांव में एक युवक राहुल मंडल (21 वर्ष) ने गुरुवार की दोपहर को अपनी दुकान के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने दुकान के दरवाजे को अंदर से लाॅक कर पहले अपनी गर्लफ्रेंड से मोबाइल पर वीडियो काॅल करके बातचीत की और नाराजगी जताई। फिर उसे घटनाक्रम को दिखाते हुए बेडशीट का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
सूत्र बताते हैं कि कपड़े की दुकान में राहुल अकेला था। फांसी लेने का घटनाक्रम अपनी गर्लफ्रेंड को दिखाने के लिए मोबाइल को खिड़की में बांध कर टांग दिया था। इसे देखने पर जब राहुल की गर्लफ्रेंड घबरा गई तो उसने वीडियो काॅल काटकर राहुल को कई बार नॉर्मल काॅल किया, लेकिन काॅल रिसीव नहीं हुआ। उसके बाद उस लड़की ने राहुल के दोस्त एवं बड़े भाई को फोन किया और घटना की जानकारी दी। राहुल का बड़ा भाई रांची में रहकर पढ़ाई करता है। आनन-फानन में अपने पिता कृपा मंडल को फोन कर विस्तृत जानकारी दी। दुकान पहुंचने पर पता चला कि दुकान में शीशे का दरवाजा अंदर से लाॅक है तथा अंदर में पंखे के सहारे फांसी लगाकर राहुल ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पाकर पहुंची चौका पुलिस ने दरवाजा को तोड़कर दुकान के अंदर से शव को बरामद किया एवं मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा दिया।
परिजनों के अनुसार राहुल पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) जिले के बाघमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ईलू गांव की एक लड़की से बात करता था। दोनों के बीच आपसी विवाद होने के कारण राहुल ने आत्महत्या करने का कदम उठा लिया। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि मामला प्रथमदृष्टया आत्महत्या का लग रहा है जबकि पुलिस द्वारा हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।





