पटमदा में सिकल सेल रोग पर जागरूकता सत्र आयोजित
Patamda : एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में सोमवार को मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के समुदाय चिकित्सा विभाग की शोधार्थी सार्बश्री भट्टाचार्जी द्वारा सिकल सेल रोग पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उनके शोध कार्य का हिस्सा था, जिसे राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन–2023 के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य रोगों के रोकथाम, प्रारंभिक पहचान एवं स्वास्थ्य परामर्श को बढ़ावा देना है।
जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों को रक्त एवं उसके घटक, आनुवंशिक रोगों की प्रकृति, सिकल सेल रोग के कारण, लक्षण, उपलब्ध सहायता प्रणाली तथा उपचार एवं प्रबंधन के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है तथा भविष्य में गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव होती है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल जैसे आनुवंशिक रोगों के प्रति सही जानकारी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहायक सिद्ध होती है। उन्होंने इस राष्ट्रीय मिशन से जुड़े इस प्रयास की सराहना की।





