मिथुन चक्रवर्ती पर भारी पड़े बादल पाल, संजीव सरदार की जीत पर झूमे कार्यकर्ता
Dumaria (sanat Kumar Pani): पोटका विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ मीरा मुंडा 27902 वोट से चुनाव हार गई। झामुमो के प्रत्याशी संजीव सरदार को 120322 वोट मिले। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी डॉ मीरा मुंडा को 92420 वोट प्राप्त हुए। भाजपा की ओर से डॉ मीरा मुंडा के लिए प्रचार अभियान में गृह मंत्री अमित शाह मैदान में उतरे। बॉलिवुड के मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भी रोड शो किया। जबकि संजीव सरदार के लिए सीएम हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन ने सभाएं की। स्थानीय कलाकार बादल पाल ने संजीव सरदार के लिए नुक्कड़ संगीत कार्यक्रम कर प्रचार किया। पोटका विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने कहा बॉलिवुड स्टार मिथुन चक्रवर्ती पर स्थानीय कलाकार बादल पाल भारी पड़े।
सीएम हेमंत सोरेन और विधायक संजीव के कार्यों पर लगी मुहर : मिर्जा सोरेन
डुमरिया प्रखंड झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन संजीव सरदार को दुबारा विधायक चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि सीएम हेमंत सोरेन और विधायक संजीव सरदार के विकास कार्यों को जनता ने मन से स्वीकार किया। जिसके कारण पोटका विधानसभा और पूरे झारखंड में इंडिया गठबंधन की भारी जीत हुई है। उन्होंने कहा पोटका विधानसभा क्षेत्र का विकास दोगुनी रफ्तार से जारी रहेगा।