पटमदा डिग्री कॉलेज में रंगों और उमंग के संग मना बसंत उत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Patamda : पटमदा डिग्री कॉलेज, जाल्ला के सभागार में सोमवार को प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कॉलेज परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। उत्सव का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो, व्याख्याता बिश्वनाथ महतो, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. गौतम गोराई तथा शाश्वती महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बसंत की शुभकामनाएं दीं, जिससे सभागार रंगों और खुशियों से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत कला एवं संस्कृति विभाग की प्रभारी शाश्वती महतो के स्वागत भाषण से हुई। प्रभारी प्राचार्य कृष्णपद महतो, बिश्वनाथ महतो, डॉ. गीता चक्रवर्ती, श्रीकांत मांझी, डॉ. शालीग्राम मिश्रा एवं चन्द्रशेखर महतो ने बसंत उत्सव के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को सांस्कृतिक मूल्यों को संजोए रखने का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। देवज्योति दत्त ने अपनी प्रभावशाली कविता पाठ से सबका मन मोह लिया, वहीं रेणुका सिंह, स्वपना गोप और भद्राबती महतो के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम का सफल संचालन शाश्वती महतो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन टुम्पा महतो ने किया। अंत में सभी ने मिलकर होली खेली और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर कार्यक्रम का उल्लासपूर्ण समापन किया।





