सावधान! ठगों ने बदला तरीका, अब फॉर्म भरने के नाम पर छात्र को आ रहे शिक्षक के नाम फोन, जानें विस्तृत रिपोर्ट ….

बांगुड़दा प्लस टू हाई स्कूल के छात्र को ऑनलाइन ठगी का प्रयास
Patamda: मंगलवार को पटमदा प्रखंड अंतर्गत आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल बांगुड़दा के 12 वीं कक्षा का एक छात्र एसएमसी अध्यक्ष के प्रयास से ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बच गया। इस संबंध में अध्यक्ष इंद्रजीत दत्ता ने बताया कि मंगलवार को सुबह राखडीह निवासी छात्र विकास महतो के फोन पर एक व्यक्ति का कॉल आया और कहने लगा कि स्कूल में 12वीं के लिए फॉर्म भरने का काम चल रहा है इसलिए एक क्यू आर कोड भेज रहे हैं उसमें ऑनलाइन 1 हजार रुपए भेज दें। इसके बाद छात्र ने अपने चाचा से 1 हजार रुपए की मांग की तो वह ऑनलाइन करवाने के लिए संयोगवश उनके (इंद्रजीत दत्ता) पास पहुंचे। जब उक्त नंबर पर दत्ता ने कॉल किया तो रिसीव नहीं किया गया और दुबारा छात्र को कॉल आने के बाद कांफ्रेंस में जब उन्होंने बात करते हुए पूछताछ की और अपना परिचय एसएमसी अध्यक्ष के रूप में दिया तो ठग ने कॉल काट दिया। इस प्रकार ठगी का शिकार होने से छात्र बच गया।
इसकी सूचना स्कूल के प्राचार्य सुजीत कुमार सेठ को दिए जाने पर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहली घटना है जब किसी छात्र को शिक्षक के नाम से कॉल करके ठगी करने का प्रयास किया गया है। इससे पहले सुनते थे कि प्रलोभन देकर ठगी की जाती थी। उन्होंने सभी अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने एसएमसी अध्यक्ष के प्रयास की प्रशंसा भी की। बताते हैं कि क्यू आर कोड एसबीआई बैंक का है और उसमें नाम आमिर सुहैल के नाम से दिखा रहा है।





