बेलटांड़ दुर्गा पूजा समिति के संस्थापक सदस्य धनंजय उपाध्याय नहीं रहे, शोक की लहर
धनंजय उपाध्याय (फाइल फोटो)
Patamda: श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति लावा (बेलटांड़) के संस्थापक सदस्य धनंजय उपाध्याय का गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे शौच के दौरान हार्ट अटैक आ गया। वह करीब एक घंटे तक शौचालय के अंदर ही बंद थे। बाद में आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़कर उन्हें निकाला गया। इसके बाद पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करीब 56 वर्षीय धनंजय बेलटांड़ में टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे स्थित अपने घर पर ही आटा चक्की चलाते थे। उनके असामयिक निधन की सूचना पर क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा दो पुत्रों, पुत्रवधू, एक बेटी व नाती, पोते को छोड़कर चल बसे। उन्हें उच्च रक्तचाप की बीमारी थी। गुरुवार को भारी बारिश के दौरान हुई इस घटना के बाद उनकी पत्नी सदमे में हैं और परिवार पर दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा है। वह अन्य दिनों की भांति अहले सुबह उठकर मॉर्निंग वॉक पर निकले थे और लौटने के बाद गौ सेवा के पश्चात शौच करने के लिए घुसे थे। आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर सहसा लोग विश्वास नहीं कर पा रहे थे। वह काफी मिलनसार, हंसमुख परोपकारी व्यक्ति थे। उनकी पहचान एक चालक के रूप में भी थी। उन्होंने टाटा पटमदा मुख्य सड़क पर कई 407 बसों एवं ट्रकों में बतौर चालक काम किया था। इसके अलावा एम्बुलेंस और ममता वाहन भी वह चलाते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। इस संबंध में समिति के अध्यक्ष ईशान चंद्र गोप, महासचिव विजय कुमार मंडल, प्रवक्ता प्रदीप कुमार पैड़ा व तापस हालदार आदि ने बताया कि धनंजय उपाध्याय के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हैं, उनके निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान से प्रार्थना है कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिजनों को सहनशक्ति प्रदान करें।





