बोड़ाम के पगदा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

Patamda: टाटा -पटमदा मुख्य सड़क के बीच बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पगदा गांव के समीप शुक्रवार को देर रात हुई दुर्घटना में पल्सर बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह घटना किसी अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से हुई है। बाइक चालक के सिर पर हेलमेट लगा होने के बावजूद उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर काफी खून जम गया है। अंदाजा है कि शुक्रवार की रात 10 बजे के बाद ही यह घटना हुई होगी। गाड़ी नंबर JH05BB-2198 है, जिसके मुताबिक गाड़ी मालिक का नाम संजय कुमार महतो एवं पता – बालीगुमा (एमजीएम मानगो थाना) बताया जा रहा है। सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो लोगों ने इसकी सूचना बोड़ाम थाना प्रभारी को दी।
थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने घटनास्थल पर हलूदबनी ओपी के पुलिस कर्मियों को भेजकर घटनास्थल से युवक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक घटना देर रात की हो सकती है और हेलमेट होने के बावजूद सिर में चोट होना एवं उसकी घटनास्थल पर ही मौत होना किसी भारी वाहन से टक्कर होने का अंदेशा लग रहा है। समाचार लिखे जाने तक विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई थी जबकि घटनास्थल पर मौजूद लोग एवं पुलिस द्वारा मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। बताते हैं कि पुलिस ने शव को सड़क किनारे एक नाला के अंदर से बरामद किया है।
(नोट: अपडेट जारी है)




