सरस्वती पूजा के दौरान बाइकर्स गैंग पर रखी जाएगी नजर, पटमदा थाना में शांति समिति की बैठक में हुई चर्चा
Patamda: जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को सरस्वती पूजा को लेकर पटमदा थाना में शांति समिति के अध्यक्ष प्रदीप बेसरा की अध्यक्षता में एक बैठक संपन्न हुई। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने कहा कि हमारे क्षेत्र में हमेशा सांप्रदायिक सद्भावना के साथ किसी भी पूजा या पर्व -त्योहार का आयोजन होता है इसलिए इस बार भी शांतिपूर्वक सरस्वती पूजा का आयोजन किया जाएगा। मुखिया परमेश्वर सिंह व कानूराम बेसरा ने थाना प्रभारी से आग्रह किया कि पूजा के दिन सुबह से ही चेकिंग अभियान चलाया जाय ताकि बाइकर्स गैंग एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लग सके।
थाना प्रभारी करमपाल भगत ने कहा कि मुख्य सड़क पर दुपहिया वाहनों की जांच की जाएगी और अशांति फैलाने का प्रयास करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सभी शांति समिति के सभी सक्रिय सदस्यों के लिए पहचान पत्र बनाने का मुद्दा भी उठाया गया। बैठक में मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, मुखिया संघ के अध्यक्ष कृष्णपद सिंह, उपमुखिया गोपाल गोराई, खांदू सिंह, विजय कुमार मंडल, जगदीश प्रसाद मंडल, पंचानन दास एवं शंभूनाथ सोरेन आदि मौजूद थे।





