पटमदा में बालीगुमा ग्रिड से हो विद्युतापूर्ति, भाजपा नेताओं ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
Patamda: पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र में करीब 15 सालों से मानीकुई ग्रिड से विद्युतापूर्ति हो रही है जिसमें दूरी अधिक होने की वजह से उपभोक्ताओं को नियमित बिजली की सुविधा नहीं मिल पाती है। अक्सर क्षेत्र में विद्युतापूर्ति ठप हो जाती है। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं व्यवसायियों को व्यवसाय में काफी नुकसान होता है। पटमदा, काटिन एवं बोड़ाम स्थित सबस्टेशन में 2 लाख की आबादी के लिए 33 हजार वोल्ट विद्युत की आपूर्ति नजदीकी ग्रिड बालीगुमा में होने से यह समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के जनता दरबार में पहुंचे पटमदा एवं बोड़ाम के भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मानीकुई ग्रिड से हटाकर पटमदा, काटिन एवं बोड़ाम विद्युत सबस्टेशन में 33 हजार वोल्ट की आपूर्ति बालीगुमा ग्रिड से की जाए ताकि निर्बाध आपूर्ति हो सके। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से दूरभाष पर बात करते हुए मामले की गंभीरता को देखते हुए पहल करने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, जिला पार्षद सह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप बेसरा, पटमदा मंडल अध्यक्ष बासुदेव मंडल, खगेंद्र नाथ सिंह, प्रबोध कुमार महतो, विमल मंडल एवं उदय महतो आदि मौजूद थे।





