पटमदा के महुलबना में पीडीएस के चावल में निकला हड्डी, ग्रामीणों ने किया हंगामा

Patamda: पटमदा की महुलबना पंचायत अंतर्गत चौरा गांव स्थित मां दुर्गा महिला समूह जन वितरण प्रणाली की दुकान में चावल के साथ हड्डियां निकलने से कार्डधारियों ने बुधवार को हंगामा कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मुखिया अंजना सिंह को सूचना दी और इसकी शिकायत जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं सांसद विद्युत वरण महतो से की गई।
उपायुक्त के निर्देश पर प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान एक चावल बोरा के अंदर हड्डी के तीन टुकड़े पाए गए। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्ट्या यह किसी बकरी या बिल्ली का लग रहा है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट एवं हड्डी के टुकड़ों को एकत्रित करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सौंप दिया। इस मामले में सांसद विद्युत वरण महतो ने भी प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से बात करते हुए जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बताया जाता है कि इसकी रिपोर्ट उपायुक्त के माध्यम से रांची स्थित एफसीआई के कार्यालय में भेजी जाएगी और उसके बाद छत्तीसगढ़ स्थित एफसीआई गोदाम या मिल भेजा जाएगा ताकि इसके कारणों का खुलासा हो सके।





