ब्रेकिंग न्यूज : मेला से लौट रही 407 वैन भिलाई पहाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त, एक बच्ची की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल
Jamshedpur: जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा से बेताकोचा टुसू मेला गए करीब 40 लोग अपने घर लौटते वक्त एनएच 33 पर भिलाई पहाड़ी के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना गुरुवार की शाम करीब 8 बजे हुई। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई है जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे व उनके परिजन घायल हो गए हैं। सूचना पाकर पहुंचे जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता ने एमजीएम पुलिस को सूचित किया और अपने वाहन एवं पुलिस वाहन के माध्यम से सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने एक बच्ची विनता मुंडा (6 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में पिंटू दत्ता ने बताया कि एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की संख्या कम थी और इलाज में देर होते देख इसकी सूचना पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी को जानकारी दी गई। उनकी पहल पर ही उपायुक्त के निर्देश पर तुरंत कई चिकित्सक पहुंचे और चिकित्सा व्यवस्था तेज हुई। उन्होंने घटना के संबंध में बताया कि 407 वैन निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर में किसी कारणवश एक डिवाइडर में चढ़ गई जिसके बाद सभी लोग सड़क पर गिर गए। इस घटना में कई लोग गंभीर हालत में हैं जिनका इलाज शुरू हो चुका है। सूचना पाकर देवघर पंचायत के मुखिया शशि सिंह समेत कई अन्य लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं और घायलों की मदद कर रहे हैं।





