सीसीटीवी की निगरानी में हुई एसएस +2 हाई स्कूल में 10वीं और 12वीं की टेस्ट परीक्षा
Patamda: बुधवार को एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा में सिकुई दिकुई अभियान के अंतर्गत वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परीक्षार्थियों के लिए टेस्ट परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर पटमदा के अंचलाधिकारी राजेंद्र कुमार दास ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर समुचित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि यह टेस्ट परीक्षा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा पूर्व अभ्यास का अवसर मिल सके, परीक्षा का भय समाप्त हो, उत्तर लेखन क्षमता में सुधार हो तथा उपस्थिति में वृद्धि के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशानुसार यह टेस्ट परीक्षा बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कड़ी निगरानी में संपन्न की जा रही है। विद्यालय के प्राचार्य मिथिलेश कुमार ने बताया कि परीक्षा को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष बनाने हेतु सभी कक्षाओं में सीसीटीवी की निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सभी संबंधित वर्ग शिक्षक एवं टोला टैगिंग शिक्षक को विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क एवं आवश्यकतानुसार घर जाकर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
निर्देशानुसार जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 75% से कम पाई जाएगी, उनका परीक्षा फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह व्यवस्था विद्यार्थियों में अनुशासन, नियमितता और गंभीरता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं बेहतर परीक्षा परिणाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।





