राष्ट्रीय गणित दिवस एवं महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती का आयोजन
Patamda: राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती हर्षोल्लास एवं शैक्षणिक उत्साह के साथ मनाई गई। गणित क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणित क्लब के शिक्षक श्रीमंत प्रमाणिक एवं विद्यार्थियों द्वारा महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मौके पर गणित क्लब के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया कि गणित न केवल एक विषय है, बल्कि जीवन को व्यवस्थित एवं तार्किक बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने दैनिक जीवन में गणित के उपयोग, वैज्ञानिक सोच के विकास तथा श्रीनिवास रामानुजन के गणितीय योगदान एवं उनके कार्यों के वैश्विक महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए गणित क्विज का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी मेधा एवं बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समूचा कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं आनंदमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, जिज्ञासा एवं आत्मविश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।





