बोड़ाम में सीपीएम किसान सभा के कार्यकर्ता उतरे सड़क पर, पटमदा सीएचसी के कर्मचारियों ने भी किया हड़ताल का समर्थन

Patamda: सीपीएम के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को किसान सभा के जिलाध्यक्ष कॉमरेड लोटन दास के नेतृत्व में बोड़ाम बाजार में जुलूस निकाल कर झारखंड ग्रामीण बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं को बंद कराया। हाथों में तख्तियां लेकर महिला व पुरुष कार्यकर्ताओं ने पूरे बोड़ाम बाजार का भ्रमण किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी, किसान विरोधी और कार्पोरेट समर्थक नीतियों का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये फ़ैसले मजदूरों और किसानों के लिए अच्छे नहीं हैं, केंद्र सरकार चंद पूंजीपतियों के हित में कानून लागू करने का प्रयास कर रही है। इस दौरान जिलाध्यक्ष लोटन दास, माणिक महतो, गुरुपद महतो, डोमन महतो, निरंजन रु, सत्येन, बंकिम, हाबू, शान्तिराम, तरनी, तारामणि, नियति समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।

दूसरी ओर अखिल भारतीय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पटमदा के कर्मचारियों ने भी देशव्यापी सामूहिक हड़ताल का समर्थन किया। एएनएम हेमंती कुमारी के नेतृत्व में अन्य कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की कथित गलत नीतियों का विरोध किया। आंदोलन में मुख्य रूप से हेमंती कुमारी, निर्मला बी, मीणा कुमारी, सुमित्रा मुदी, सुमन कुमारी, ललिता कुमारी, चंदन गोराई, विप्लव कुमार दत्त, भूपेश प्रमाणिक, खगेन उरांव, आनंद कुमार, चन्दना कुमारी आदि शामिल थे।





