मंईयां सम्मान योजना में सत्यापन के लिए उमड़ रही महिलाओं की भीड़
Patamda: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए भौतिक सत्यापन का कार्य पटमदा व बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में तेज हो गया है।
दोनों ही प्रखंड के पंचायत भवनों में महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पटमदा प्रखंड की कुमीर में शनिवार को सत्यापन कराने के लिए सुबह से ही पंचायत भवन में महिलाएं दूसरे कामों को छोड़ इसके लिए कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार कर रही थी।
कुहासे के कारण अत्यधिक ठंड होने के बावजूद महिलाएं घंटों अपनी बारी का इंतजार करती रही। इस दौरान कई महिलाएं तो छोटे- छोटे बच्चों को भी साथ में लेकर पहुंची थीं। इस संबंध में कई महिलाओं ने बताया कि उन्हें डर है कि सत्यापन नहीं कराने पर कहीं उनका नाम कट न जाए। कुमीर पंचायत के मुखिया दीपक कोड़ा ने बताया कि शनिवार को कांकीडीह, बारुडीह और मुदीडीह गांव की करीब 400 महिलाओं का सत्यापन कर लिया गया है। सोमवार को कुमीर और काटागोड़ा गांव का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सत्यापन के लिए प्रखंड कार्यालय से उपलब्ध कराए गए फार्म को भरना है और उसके साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक खाता की छायाप्रति जमा करना है। इस दौरान पंचायत सचिव रामजी साहू, आंगनबाड़ी सेविका, स्वयं सेवक एवं वार्ड सदस्य आदि सक्रिय रहे।





