बोड़ाम के गरीब मेधावी छात्र मनोज को डीसी का भरोसा, मिलेगी हरसंभव मदद
Manoj Kumar Mahato
सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत के ट्वीट का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश
Patamda: बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में अंग्रेजी विषय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे बोड़ाम प्रखंड के जामबनी गांव निवासी मेधावी छात्र मनोज कुमार महतो की पढ़ाई अब नहीं छूटने वाली है। उन्हें पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त (डीसी) कर्ण सत्यार्थी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद छात्रवृत्ति समेत सरकार की हर योजनाओं से जोड़ने का भरोसा दिलाया है, जो उनके परिवार के लिए बड़ी राहतए प्रदान करने वाली खबर है। गौरतलब हो कि इंटर कला में जिला टॉप टेन की सूची में तीसरा स्थान प्राप्त कर चुके मनोज कुमार महतो को उनके मजदूर पिता ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई के लिए नामांकन कराया था। लेकिन जमशेदपुर के किसी कंपनी में मजदूरी के दौरान पैरालिसिस हो जाने से अचानक परिवार में संकट उत्पन्न हो गया। जिससे मनोज की उच्च शिक्षा पर संकट के बादल मंडराने लगे।
इसकी जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत को मिलने पर उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ट्वीट के जरिए अवगत कराया। ट्वीट मिलते ही मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त को निर्देश दिया कि छात्र मनोज को पढ़ाई में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके परिवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए।उपायुक्त ने इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी कि जिला कल्याण पदाधिकारी को मनोज को छात्रवृत्ति का लाभ देने एवं डीईओ को सरकार की योजनाओं से तत्काल आच्छादित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मनोज महतो को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस पहल से उत्साहित मनोज महतो ने आभार व्यक्त करते हुए कहा- मुख्यमंत्री जी का बहुत-बहुत धन्यवाद, उनकी मदद से अब मेरी पढ़ाई में कोई दिक्कत नहीं होगी। मैं मन लगाकर पढ़ाई करूंगा और अपने सपनों को पूरा करूंगा।





