पटमदा के बेलटांड़ में सीओ की उपस्थिति में हुआ विवादित जमीन का सीमांकन, दूसरे पक्ष ने की फिर से सीमांकन की मांग

Patamda: पटमदा के बेलटांड़ बाजार में रहरगाड़िया के नाम से परिचित जमीन का सीमांकन के पश्चात शनिवार को अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बेलटांड़ स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में एक बैठक की गई। इसमें अंचल कार्यालय के अमीन नंदलाल महतो, मुखिया कानूराम बेसरा, ग्राम प्रधान बृंदावन दास, वंशी दास, महानंद दास, रंजन दास एवं संतोष कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
मौके पर द्वितीय पक्ष द्वारा अपने निजी अमीन की उपस्थिति में फिर से मापी कराने का प्रस्ताव दिए जाने पर अंचलाधिकारी ने उन्हें एक सप्ताह का समय दिया एवं तब तक अस्थायी रूप से खंभा गाड़कर सीमांकन करने का निर्णय लिया गया। निर्णय हुआ कि दोनों पक्षों की संतुष्टि के लिए एक सप्ताह के अंदर द्वितीय पक्ष के प्राइवेट अमीन की उपस्थिति में फिर से मापी की जाएगी। इस संबंध में अंचलाधिकारी ने बताया कि मौजा लावा अंतर्गत खाता संख्या 204, प्लॉट नंबर 1008, 1010, 1011 एवं 1012 क्रमशः 38, 22, 108 एवं 29 डिसमिल कुल 197 डिसमिल जमीन के सीमांकन हेतु गोबरघुसी गांव निवासी अशोक मल्लिक, संदीप मल्लिक एवं अवनी मल्लिक की ओर से संयुक्त रूप से भूमि विवाद समाधान दिवस के मौके पर आवेदन किया गया था। उक्त जमीन के बगल में रह रहे दूसरे पक्ष के शांतिराम मुर्मू के साथ सीमांकन का विवाद चल रहा था। गौरतलब हो रहरगाड़िया तालाब के बगल में ही रैयती जमीन के कुछ अंश पर दुर्गा मंदिर एवं बजरंगबली मंदिर का निर्माण भी हुआ है जो वर्षों से आस्था का केंद्र बना हुआ है।





