उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने नूतनडीह गांव का किया दौरा, सरकारी स्कूल के बच्चों का जवाब सुन उपायुक्त ने की तारीफ
Patamda: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत लायलम पंचायत के नूतनडीह गांव का दौरा कर विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जन वितरण प्रणाली की दुकान एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र आदि का जायजा लिया तथा ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने शिकायत की कि राशन डीलर द्वारा प्रति कार्ड एक किलोग्राम चावल की कटौती की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राशन डीलर के खिलाफ जांच करते हुए लाइसेंस रद्द करने का आदेश दिया और महिला समूह के नाम पर लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने ग्रामीणों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए गांव की अन्य समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, मनरेगा एवं अबुआ आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों की स्थिति की भी समीक्षा की और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण तथा नूतनडीह से डिमना जाने वाले मार्ग की मरम्मत कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। नूतनडीह प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों से कई प्रश्न पूछे और सही जवाब मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनुपम भुईयां एवं सहायक शिक्षक गणेश प्रसाद दास के शिक्षण कार्य की सराहना की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी दोनों शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए उन्हें इसी विद्यालय में बनाए रखने का आग्रह किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने छत की मरम्मत, पुराने भवन के जीर्णोद्धार तथा ग्राउंड फ्लोर में पेवर्स ब्लॉक लगाने हेतु बीडीओ किकू महतो को आवश्यक निर्देश दिया। उपायुक्त के दौरे से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जगी है। मौके पर मुखिया सुशील सिंह, पंचायत समिति सदस्य विश्वनाथ हांसदा व समाजसेवी विश्वनाथ महतो आदि मौजूद थे।





