एसएस प्लस टू हाई स्कूल के अभियान से प्रभावित डीएफओ आरपी सिंह, उपलब्ध कराए 100 पौधे
Patamda : स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा में जल संरक्षण और स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय के अभियान से प्रभावित होकर सोशल फॉरेस्ट के डीएफओ आरपी सिंह ने बुधवार को विद्यालय के बच्चों के लिए 100 फलदार पौधे उपलब्ध कराए।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका डॉली डे ने विद्यार्थियों को जलजनित बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनसे बचाव के उपाय बताए। वहीं शिक्षिका अनीता मुर्मू ने बच्चों को भोजन से पूर्व सामूहिक रूप से हाथ धोने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया। यह वितरण विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में वर्ग शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच संपन्न हुआ। पौधे वितरित करते हुए प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि— “जल संकट का स्थायी समाधान अधिक से अधिक पेड़ लगाकर ही संभव है। पेड़-पौधे न केवल जीवनदायी हैं, बल्कि जल संरक्षण के भी सबसे बड़े साधन हैं।”
चेतना सत्र के अंतर्गत शिक्षक कौशलेंद्र कुमार सिंह एवं स्नेहाशीष चटर्जी ने विद्यार्थियों को जल के महत्व पर प्रेरणादायक विचार रखते हुए जल संरक्षण को जीवनशैली में शामिल करने का आह्वान किया। इस आयोजन से विद्यार्थियों में स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरणीय जागरूकता के प्रति नई चेतना का संचार हुआ।





