जिला पार्षद खगेन महतो ने गोलकाटा–बलियागोड़ा सड़क की कराई मरम्मत, ग्रामीणों को मिली राहत
Patamda: पिछले करीब 10 वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में पड़ी गोलकाटा–बलियागोड़ा ग्रामीण सड़क, ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई थी। सोमवार को जीएसबी मिक्सिंग मेटेरियल द्वारा मरम्मत कार्य कराई गई। यह कार्य जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो के निरंतर प्रयास और संवेदनशील पहल से संभव हो पाया, जिसमें राजेश कुंभकार की भी अहम भूमिका रही।
यह सड़क क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार से सीधे तौर पर जुड़ी हुई थी। खराब स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की मरम्मत होते ही ग्रामीणों में खुशी, संतोष और नई उम्मीद देखने को मिली। मरम्मत कार्य के दौरान जिला परिषद सदस्य खगेन महतो, उनके पुत्र प्रदीप महतो, राजेश कुंभकार, आलोक कुंभकार, अनिमेष कुंभकार, जयदेव कुंभकार, बिमल महतो तथा गोलकाटा गांव के ग्राम प्रधान मुचीराम कुंभकार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामीणों को यह आश्वासन भी दिया गया कि इस सड़क के स्थायी पुनर्निर्माण के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके। पार्षद ने कहा यह पहल दर्शाती है कि जब जनप्रतिनिधि, ग्राम नेतृत्व और जागरूक नागरिक एकजुट होकर जनहित में कार्य करते हैं, तो वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।





