डॉ. गोस्वामी ने बाबूलाल सोरेन के पक्ष में किया जनसंपर्क, कहा: हेमन्त सरकार में गुड़ाबांदा के विकास की हो रही उपेक्षा
Gurabanda: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने बुधवार को गुड़ाबांदा में घाटशिला से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार ने गुड़ाबांदा के विकास की घोर उपेक्षा की है।
गुड़ाबांदा प्रखंड में डिग्री काॅलेज नहीं होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए घाटशिला और जमशेदपुर के कॉलेजों में जाना पड़ता है। स्वास्थ्य सुविधाओं का भी घोर अभाव है। मरीजों को छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी ओड़िशा के अस्पतालों में जाना पड़ता है। स्वर्णरेखा नदी के तट पर स्थित गांवों में भी सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं है। झामुमो गठबंधन सरकार ने 6 वर्षों के दौरान गुड़ाबांदा में 1 भी उद्योग स्थापित कर न सकी। सरकार का विकास में कोई दिलचस्पी ही नहीं है। रोजगार के अभाव में इस क्षेत्र के युवा दक्षिण भारत के राज्यों की ओर पलायन करने के लिए विवश हैं। उन्होंने लोगों से राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ मतदान करने की अपील की।
विभिन्न बैठकों को जिला अध्यक्ष चंडीचरण साव, खिजरी के पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, जिला उपाध्यक्ष हेमन्त नारायण देव, जिला मंत्री गौर चन्द्र पात्र तथा मंडल अध्यक्ष पुलक गातांत ने भी संबोधित किया। इस दौरान भाजपा के सुमंत श्यामल, रसानंद पातर, द्विजेन प्रधान, प्रणव मंडल, अर्जुन मंडल आदि उपस्थित रहे।





