गणित विषय पर नवाचार में सम्मानित किए गए डॉ. मिथिलेश कुमार
Patamda: स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक (गणित) सह एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी), डायट परिसर, रांची में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय गणित सेमिनार 2025 में सक्रिय सहभागिता निभाई।
सेमिनार में उन्होंने माध्यमिक विद्यालयों में गणित शिक्षण पद्धतियों में नवाचार : चुनौतियां एवं समाधान विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें स्थानीय प्राचीन भारतीय परंपरागत ज्ञान प्रणाली की गणित शिक्षण में उपयोगिता एवं उसकी वर्तमान संदर्भ में प्रासंगिकता को शोध का मुख्य बिंदु बनाया गया। शोध पत्र में वैदिक गणित, पारंपरिक मापन विधियां तथा स्थानीय जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से गणित को सरल, रोचक एवं व्यवहारिक बनाने पर विशेष बल दिया गया, जिसे उपस्थित शिक्षाविदों द्वारा सराहना प्राप्त हुई।
शोध पत्र प्रस्तुति के उपरांत डॉ. मिथिलेश कुमार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शशि रंजन (निदेशक) एवं बिंध्याचल पाण्डेय (उप निदेशक, जेसीईआरटी) के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में चेयरपर्सन डॉ. अमित कुमार (सहायक प्राध्यापक, बीआईटी देवघर) तथा डॉ. ऋषिकेश महतो ( अध्यक्ष, गणित विभाग, केंद्रीय विश्वविद्यालय रांची) के द्वारा शोध पत्र प्रस्तुति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि उनकी यह शैक्षणिक उपलब्धि विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले के लिए गौरव का विषय है।





